चांडिल में पुलिस का जागरूकता अभियान, डायन प्रथा, बाल विवाह और साइबर अपराध के खिलाफ किया जागरूक

Spread the love

चांडिल: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के इचाडीह पंचायत अंतर्गत बाकरकुड़ी गांव में शनिवार को पुलिस प्रशासन की ओर से जन जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य लोगों को सामाजिक कुरीतियों, अफवाहों और विभिन्न प्रकार के अपराधों के प्रति जागरूक करना था।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने डायन प्रथा जैसी अंधविश्वास आधारित कुप्रथाओं के खिलाफ लोगों को जागरूक किया और बताया कि किसी व्यक्ति को डायन बताकर प्रताड़ित करना या उसके साथ हिंसा करना कानूनन अपराध है। साथ ही बाल विवाह के सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इसे रोकने में सहयोग करने की अपील की गई।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली बच्चा चोरी की अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बिना पुष्टि के किसी भी सूचना को साझा न करें। इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों और आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सेवा के उपयोग की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई तथा वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की सलाह दी गई। थाना प्रभारी कौशल कुमार ने कहा कि समाज से अपराध और कुरीतियों को समाप्त करने के लिए पुलिस और जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियानों में सहयोग का भरोसा जताया।