चतरा में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार दो युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम

Spread the love

चतरा: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जबरा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद दुदुवान गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान दुदुवान गांव निवासी गणेश कुमार और बसंत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में मित्र थे और किसी काम से बाजार गए थे। काम पूरा करने के बाद वे पल्सर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जबरा के पास सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के पास से गुजरते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

इधर, हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध रूप से सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने और अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।