UPSC CSE 2024: झारखंड कैडर के लिए 6 IPS पद आवंटित, गृह मंत्रालय ने जारी की कैडर आवंटन सूची

Spread the love

नई दिल्ली/रांची: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। गृह मंत्रालय (MHA) ने विभिन्न राज्यों के लिए IPS कैडर आवंटन से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। जारी सूची के अनुसार, झारखंड कैडर के लिए इस बार कुल 6 पद निर्धारित किए गए हैं।

अधिसूचना के अनुसार, झारखंड कैडर की 6 सीटों में से 2 पद इनसाइडर श्रेणी के लिए आरक्षित हैं, जिन पर झारखंड के मूल निवासी अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। वहीं, 4 पद आउटसाइडर श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

श्रेणीवार विवरण पर नजर डालें तो झारखंड कैडर में सामान्य वर्ग के लिए 4 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 1 पद आउटसाइडर कोटे के अंतर्गत रखा गया है। इस बार झारखंड कैडर में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी के लिए कोई रिक्ति नहीं रखी गई है।

देशभर में IPS कैडर आवंटन के तहत कुल 147 पदों की घोषणा की गई है। इनमें 49 पद इनसाइडर और 98 पद आउटसाइडर श्रेणी के लिए निर्धारित हैं। कुल रिक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। इसके अलावा OBC के लिए 41 पद, SC के लिए 22 पद और ST के लिए 10 पद निर्धारित किए गए हैं।

राज्यों के अनुसार देखें तो पश्चिम बंगाल में सर्वाधिक 15 पद, आंध्र प्रदेश में 14 पद और उत्तर प्रदेश में 12 पद आवंटित किए गए हैं। वहीं, मध्य प्रदेश और असम-मेघालय कैडर को 11-11 पद मिले हैं। दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में इस बार सिविल सेवा परीक्षा 2024 के आधार पर IPS कैडर के लिए कोई रिक्ति नहीं दिखाई गई है।

गृह मंत्रालय की इस अधिसूचना के साथ सफल अभ्यर्थियों के लिए कैडर आवंटन की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए राज्य की 6 सीटें विशेष महत्व रखती हैं, जबकि देशभर में कुल 147 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।