चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सागजोड़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतक की पहचान सागजोड़ी गांव निवासी शंकर भूमिज के 14 वर्षीय पुत्र हरीश भूमिज के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरीश अपनी छोटी बहन के साथ अजंबर चौक के पास स्थित कुएं पर नहाने गया था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में जा गिरा। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुएं की अधिक गहराई के कारण किशोर को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। हालांकि, ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से काफी मशक्कत के बाद हरीश को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुले और असुरक्षित कुओं को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

