सरायकेला में चुनावी कार्य में लापरवाही, दो BLO के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश

Spread the love

सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान चुनावी कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है। दो बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किए जाने पर प्रशासन ने इसे गंभीर चूक मानते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दो BLO ने नहीं संभाला कार्यभार
जानकारी के अनुसार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय उत्तमडीह की शिक्षिका रेनुका महतो को मतदान केंद्र संख्या 164 तथा यूपीएचसी सपड़ा की स्वास्थ्य सहायक को मतदान केंद्र संख्या 166 के लिए BLO नियुक्त किया गया था। बावजूद इसके, दोनों कर्मियों ने अब तक अपना प्रभार ग्रहण नहीं किया है।

जोनल पदाधिकारी ने डीसी को भेजा पत्र
मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह जोनल पदाधिकारी, गम्हरिया ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां को पत्र भेजकर दोनों कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।

चुनावी कार्य प्रभावित होने की आशंका
प्रशासन का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में BLO की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। मतदाता सूची से जुड़े कार्यों के निष्पादन में उनकी जिम्मेदारी अहम होती है। ऐसे में कार्यभार ग्रहण नहीं करने से चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही गई है, ताकि चुनावी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।