कोलकाता : पश्चिम बंगाल में रेलवे के बड़े विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की बैठक के बाद राज्य में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का रोडमैप सामने आया है। इसके तहत 61 स्वीकृत रेल परियोजनाओं पर काम तेज करने के लिए जिलाधिकारियों को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।


बैठक में बताया गया कि लंबित परियोजनाओं के लिए जमीन और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने के बाद रेलवे के पास आवश्यक फंड उपलब्ध है। राज्य सरकार की ओर से कई परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि फुटओवर ब्रिज और अंडरपास निर्माण के लिए करीब 40 एनओसी पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
इन परियोजनाओं में जंगलमहल, नंदीग्राम, सुंदरबन, करीमपुर, जालंगी, तेहट्टा, नदिया, मुर्शिदाबाद, लालगढ़ और दक्षिण दिनाजपुर जैसे क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की योजना शामिल है। इसके अलावा 102 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, 538 फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण तथा कोलकाता मेट्रो विस्तार की योजनाओं को भी प्राथमिकता दी गई है।

