कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना को लेकर नया विवाद सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि महिलाओं के लिए शुरू की गई इस योजना की राशि कुछ मामलों में पुरुषों के बैंक खातों में पहुंच गई है। इसे लेकर पार्टी ने योजना के क्रियान्वयन और लाभार्थियों के सत्यापन पर सवाल खड़े किए हैं। तृणमूल नेताओं का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है, ऐसे में पुरुषों के खातों में धनराशि पहुंचना गंभीर प्रशासनिक चूक हो सकती है। पार्टी ने सरकार से पूरे मामले की जांच कराने और वास्तविक लाभार्थियों की सूची की समीक्षा करने की मांग की है।


अन्नपूर्णा योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। राज्य सरकार ने योजना के लाभार्थियों का सत्यापन कर राशि सीधे बैंक खातों में भेजने की बात कही है। वहीं, विवाद के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

