पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित दमदमी खनन क्षेत्र में 24 वर्षीय लवकुश कुमार की मौत के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। खनन क्षेत्र में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से हुई मौत के संबंध में खदान संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ हुसैनाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अंचल अधिकारी पंकज कुमार के आवेदन पर दर्ज एफआईआर में सुनील कुमार सिंह, लोकेश कुमार सिंह और खदान से जुड़े एक अन्य व्यक्ति को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्रशासनिक जांच में सामने आया कि जिस स्थान पर लवकुश कुमार की मौत हुई, वहां पहले खनन कार्य किया गया था और बाद में गड्ढा पानी से भर गया था। हालांकि, सुरक्षा के लिए न तो घेराबंदी की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। 3 जून को सोहेया पहाड़ स्थित खनन क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया था। ग्रामीणों ने खनन कंपनी की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खनन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

