पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब रेलवे कॉलोनी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव पूरी तरह चटाई में लिपटा हुआ था, जिससे हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने खेत की ओर जाते समय दुर्गंध आने पर चटाई को देखा और संदेह होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चटाई खोलने पर अंदर एक पुरुष का शव बरामद किया, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को रेलवे कॉलोनी के पास फेंक दिया गया। शव की स्थिति को देखते हुए घटना दो से तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। पुलिस और रेलवे पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद मामले की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

