चाईबासा में एकलव्य विद्यालय चोरी कांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, अंधारी में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी गए सभी सामान भी बरामद कर लिए गए हैं। जगन्नाथपुर एसडीपीओ Rafael Murmu ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 जून को विद्यालय से बजाज कंपनी के आठ वॉल फैन, लोहे के पलंग और गद्दों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर कुमारडुंगी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक Amit Renu के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राम हेंब्रम और रसिका हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर विद्यालय से चोरी हुए पंखे, पलंग और गद्दे बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार रसिका हेंब्रम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।