राजधानी रांची और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। एडीजी Manoj Kaushik और एसएसपी Rakesh Ranjan के निर्देश पर रविवार को जिले में तैनात PCR और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों के जवानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक एसपी Rakesh Singh ने की। इस दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, आम लोगों की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित पुलिस कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी टीमों को हर समय सतर्क रहने और किसी भी घटना की सूचना मिलने पर न्यूनतम समय में मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया।


बैठक में बाजारों, बैंकों, एटीएम, होटलों और व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। साथ ही रात के समय सुनसान इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण एसपी ने हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर रात्रि गश्त बढ़ाने, दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की जांच करने को कहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों पर दबाव बनाए रखने और आम जनता को सुरक्षित माहौल देने के लिए पेट्रोलिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

