रांची: झारखंड में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान शुरू किया जाएगा। राज्यव्यापी इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 61 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा देने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं और सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान की शुरुआत बूथ स्तर पर पोलियो वैक्सीन पिलाकर की जाएगी, जिसके बाद अगले दो दिनों तक स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य कर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा देंगे जो किसी कारणवश बूथ पर नहीं पहुंच सके। विभाग ने इसे पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए जरूरी बताया है और अभिभावकों से अपील की है कि वे सभी बच्चों को समय पर पोलियो की दवा जरूर पिलाएं।

