पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। गंगटोक से सिलीगुड़ी जा रही कार अनियंत्रित होकर तीस्ता नदी में गिर गई। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद प्रशासन और बचाव दल ने कार, एक मासूम बच्ची समेत चार लोगों के शव नदी से बरामद किए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में भारी बारिश, भूस्खलन और खराब सड़क स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, यह परिवार सिक्किम के पूर्वी हिस्से कबी लुंगचोक क्षेत्र का रहने वाला था और 5 जून को सिलीगुड़ी के लिए निकला था। वे अस्पताल में भर्ती अपने परिजनों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान राम्बी क्षेत्र के पास अंतिम बार उनका संपर्क हुआ था, जिसके बाद मोबाइल बंद हो गया। सूचना मिलने पर NDRF, SDRF और पुलिस ने संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाया। बाद में कार के अवशेष मिलने के बाद आशंका जताई गई कि वाहन नदी में गिर गया है। सभी शवों की पहचान कर ली गई है, जिनमें तीन सरकारी कर्मचारी भी शामिल थे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और NH-10 की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

