बस यात्रियों को झटका! बिहार-बंगाल और टाटा रूट पर किराया बढ़ा, जेब पर बढ़ेगा बोझ

Spread the love

हाजीपुर : बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों के लिए चलने वाली निजी रोडवेज बसों का सफर अब महंगा हो गया है। बिहार-बंगाल रोडवेज सर्विस संचालकों की बैठक में किराया बढ़ाने का फैसला लिया गया, जिसके बाद नई दरें 8 जून से लागू कर दी गई हैं। बस संचालकों के अनुसार डीजल, टोल टैक्स, वाहन रखरखाव और अन्य परिचालन खर्च बढ़ने के कारण किराए में संशोधन किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत 2×2 बसों में सीट किराया 100 रुपये और स्लीपर किराया 150 रुपये बढ़ाया गया है। वहीं एसी 2×1 बसों में सीट किराए में 150 रुपये तथा स्लीपर किराए में 200 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। औसतन किराया करीब 15 प्रतिशत बढ़ाया गया है। हाजीपुर से कोलकाता का सीट किराया 800 से बढ़कर 900 रुपये और स्लीपर 900 से बढ़कर 1000 रुपये हो गया है। इसी तरह टाटा रूट पर सीट किराया 900 रुपये और स्लीपर किराया 1050 रुपये कर दिया गया है।

इस बढ़ोतरी का असर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों पर पड़ेगा। वैशाली जिले से प्रतिदिन 12 से 16 लग्जरी बसों का संचालन होता है, जिनसे करीब 300 से 500 यात्री सफर करते हैं। अब उन्हें पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा।