जिला संवाददाता: जिले में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 18 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, शहर के बगलीपार निवासी स्वर्ण व्यवसायी अभिषेक कुमार वर्मा अपनी आभूषण दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अरियरी थाना क्षेत्र के नवीनगर ककदर गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने व्यवसायी की बाइक रोककर पिस्टल के बल पर उनके पास मौजूद बैग छीन लिया। बैग में करीब 55 ग्राम सोने के आभूषण और दो किलोग्राम चांदी के जेवरात थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, पीड़ित व्यवसायी की ओर से लूटे गए सामान की विस्तृत सूची पुलिस को उपलब्ध कराई जानी बाकी है।
इस बड़ी लूट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और स्वर्ण व्यवसायियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

