जेपीएल 2026: 10 जून से शुरू होगी झारखंड क्रिकेट टी20 लीग, रांची टाइटंस की ट्रॉफी यात्रा का शुभारंभ

Spread the love

रांची: झारखंड क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। झारखंड क्रिकेट टी20 लीग (JPL) 2026 का शुभारंभ 10 जून से रांची के क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को लेकर पूरे राज्य में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

इसी क्रम में रांची टाइटंस टीम की ट्रॉफी यात्रा का शुभारंभ रविवार को गिरिडीह से किया गया। ट्रॉफी को सलूजा गोल्ड के कॉरपोरेट कार्यालय से विधिवत रवाना किया गया। यह ट्रॉफी झारखंड के विभिन्न जिलों का दौरा करने के बाद वापस रांची पहुंचेगी, जहां टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा।

गिरिडीह में ट्रॉफी यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और स्थानों पर ट्रॉफी का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस दौरान खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार तथा सलूजा गोल्ड के चेयरमैन अमरजीत सिंह सलूजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इसे झारखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए उम्मीद जताई कि यह लीग राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगी।