चांडिल के श्मशान काली मंदिर में चोरी: दानपेटी से नकदी, घंटी और मोटर ले उड़े चोर, ग्रामीणों में आक्रोश

Spread the love

चांडिल: चांडिल क्षेत्र में स्थित श्मशान काली मंदिर को निशाना बनाकर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। लेंगडीह और श्मशानटांड़ गांव के बीच स्थित इस मंदिर में हुई चोरी के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, बीती रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दानपेटी में लगभग 10 हजार रुपये जमा थे।

चोर केवल नकदी ही नहीं ले गए, बल्कि मंदिर में लगी घंटी और फूल-पौधों की सिंचाई के लिए उपयोग में आने वाली मोटर भी अपने साथ ले गए। ग्रामीणों के अनुसार, चोरी हुई नकदी और सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये है।

सुबह जब स्थानीय लोग पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर परिसर में सामान बिखरा हुआ पाया। दानपेटी टूटी हुई थी और अन्य सामान भी गायब थे। इसके बाद घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए।

धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था पर चोट बताते हुए कड़ी निंदा की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।