जामताड़ा स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन से उतरते समय दो यात्री गिरे, लोगों की सूझबूझ से बची जान

Spread the love

जामताड़ा: सोमवार को जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वर्धमान-झाझा मेमू पैसेंजर ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान दो यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खाली जगह में गिर गए। घटना को देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से दोनों की जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, वर्धमान-झाझा मेमू पैसेंजर ट्रेन जामताड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रुकी थी। ट्रेन के चलने के बाद एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गई। महिला को गिरता देख एक युवक उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया।

दोनों यात्री ट्रेन के पहियों के बेहद करीब गिर गए थे, जिससे स्टेशन पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। घटना के तुरंत बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित स्थान पर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना में दोनों को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और दोनों सुरक्षित हैं।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। यात्रियों को हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ना या उतरना चाहिए।