सरायकेला: सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय गुरुचरण सरदार के रूप में हुई है, जो साहेबगंज के निवासी थे और सरायकेला पावर सबस्टेशन में कार्यरत थे।


जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे डीसी कार्यालय के सामने स्थित टीवीएस शोरूम के पास यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक ब्रेकडाउन ट्रेलर पहले से खड़ा था। ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे गुरुचरण सरदार अंधेरे और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ट्रेलर को देख नहीं सके और उनकी बाइक सीधे उससे टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुरुचरण सरदार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुरुचरण सरदार अविवाहित थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिजनों, रिश्तेदारों और बिजली विभाग के सहकर्मियों में शोक की लहर है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

