रांची: झारखंड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में सत्र 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, रांची की ओर से राज्य के सभी ITI संस्थानों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।


इच्छुक छात्र-छात्राएं 25 जून तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 जून को विभाग द्वारा मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
14 से 40 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
आईटीआई नामांकन के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 14 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
8वीं और 10वीं पास के लिए अलग-अलग योग्यता
विभिन्न ट्रेड्स के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग तय की गई है। वायरमैन, मिस्त्री, प्लंबर, वेल्डर और कारपेंटर जैसे ट्रेड्स के लिए न्यूनतम 8वीं पास होना आवश्यक है। वहीं अन्य तकनीकी ट्रेड्स में प्रवेश के लिए 10वीं पास होना जरूरी है।
आरक्षित सीटों के लिए झारखंड निवासी होना अनिवार्य
सरकारी और PPP मोड में संचालित ITI संस्थानों की आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए अभ्यर्थी का झारखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
विभाग ने छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि नामांकन में किसी प्रकार की समस्या न हो।

