रांची: राज्य के हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। एयरपोर्ट सुरक्षा ड्यूटी के लिए पुलिसकर्मियों के चयन की प्रक्रिया के तहत विशेष शाखा ने 141 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साक्षात्कार की तिथि निर्धारित कर दी है।


विशेष शाखा द्वारा जारी सूचना के अनुसार, साक्षात्कार 11 और 12 जून को आयोजित किए जाएंगे। इसमें वही पुलिसकर्मी शामिल होंगे जिन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर एपीएसयू (APSU) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था।
इस संबंध में राज्य के सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षकों (SSP) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित तिथि पर चयनित पुलिसकर्मियों को रांची भेजना सुनिश्चित करें।
साक्षात्कार में शामिल होने वाले पुलिसकर्मियों को विभागीय पहचान पत्र एवं शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति के साथ निर्धारित वर्दी में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र पुलिसकर्मियों की तैनाती एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था में की जाएगी। माना जा रहा है कि इस पहल से राज्य के हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी।

