गिरिडीह: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीह ओपी के सियाटां स्थित भारत पेट्रोल पंप के समीप बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब धूल लदा एक हाइवा वाहन अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और कूदकर अपनी जान बचाई। चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या वाहन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सौभाग्यवश आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों या पेट्रोल पंप परिसर को अपनी चपेट में नहीं लिया, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी। हालांकि, आग से हाइवा पूरी तरह जलकर खाक हो गया और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।

