पीटीसी मुख्य परीक्षा स्क्रूटनी का परिणाम जारी, पुनर्मूल्यांकन के बाद तीन अभ्यर्थी हुए सफल

Spread the love

रांची: झारखंड पुलिस मुख्यालय के प्रशिक्षण निदेशालय ने पीटीसी मुख्य परीक्षा की स्क्रूटनी का आधिकारिक परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में असफल घोषित किए गए पुलिसकर्मियों ने उत्तरपुस्तिकाओं और अंक पत्रों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद संशोधित परीक्षा परिणाम सह अंक विवरण को मंजूरी देते हुए अंतिम परिणाम प्रकाशित किया गया।

जारी परिणाम के अनुसार, स्क्रूटनी के लिए आवेदन करने वाले 10 पुलिसकर्मियों में से 3 अभ्यर्थियों की किस्मत पुनर्मूल्यांकन के बाद बदल गई और उन्हें सफल घोषित किया गया। इनमें सिमडेगा के राजदेव करमाली (चेस्ट नंबर A-35) को 738.5 अंक, लातेहार के रमेश कुमार यादव (चेस्ट नंबर A-53) को 677 अंक तथा लोहरदगा के सनोज कुमार (चेस्ट नंबर B-76) को 654 अंक प्राप्त हुए।

वहीं, स्क्रूटनी प्रक्रिया के बावजूद सात अभ्यर्थियों के परिणाम में कोई बदलाव नहीं हुआ। प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा जारी सूची में लालन पासवान, सोनू कुमार, श्यामपद बेरा, हरेंद्र पासवान, सेवंती देवी, सुधीर कुमार और प्रशांत बल्लभ को पूर्व की तरह असफल श्रेणी में रखा गया है।

प्रशिक्षण निदेशालय ने संशोधित मार्क रिटर्न और परीक्षा परिणाम को औपचारिक मंजूरी देते हुए संबंधित अभ्यर्थियों के लिए अंतिम परिणाम जारी कर दिया है, जिससे लंबे समय से चल रहा पुनर्मूल्यांकन का इंतजार समाप्त हो गया है।