रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, बिहार के 10 स्टेशनों पर शुरू होगी नई सुविधा, पटना जंक्शन का बदलेगा लुक

Spread the love

पटना :बिहार के रेल यात्रियों को जल्द नई सुविधा मिलने वाली है। राज्य के 10 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए आधुनिक कैब रोड विकसित की जा रही है। इस योजना के तहत पटना जंक्शन को भी नया स्वरूप दिया जाएगा। रेलवे की तैयारी है कि स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, जिससे यात्रियों को आने-जाने में कम परेशानी हो।

योजना के तहत स्टेशन के प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित किया जाएगा। पटना जंक्शन में कैब रोड का निर्माण कोलकाता के हावड़ा स्टेशन की तर्ज पर किया जा रहा है, ताकि निजी वाहनों, टैक्सी और अन्य यात्री परिवहन साधनों की आवाजाही सुगम हो सके। इससे स्टेशन के बाहर लगने वाले जाम में भी कमी आने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम यातायात और आधुनिक स्टेशन परिसर का लाभ मिलेगा। यह पहल स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की व्यापक योजना का हिस्सा है।