नई दिल्ली :पश्चिम एशिया के उन CBSE छात्रों को जल्द राहत मिल सकती है, जिनके परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं हो सके हैं। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने कहा कि वह ऐसे छात्रों के लिए एक विशेष नीति लाने पर विचार कर रही है। यह मामला उन विद्यार्थियों से जुड़ा है जिनकी परीक्षाएं क्षेत्र में युद्ध और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के कारण प्रभावित हुई थीं।


सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से अदालत को बताया गया कि समान परिस्थितियों से प्रभावित छात्रों के लिए व्यापक नीति तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 22 जून तक के लिए स्थगित कर दी। याचिका सऊदी अरब में रहने वाले एक छात्र की ओर से दायर की गई है, जिसने कक्षा 12 सुधार परीक्षा के परिणाम घोषित करने की मांग की है।
याचिकाकर्ता का कहना है कि पश्चिम एशिया के कई देशों में परीक्षाएं रद्द होने के बाद CBSE ने विशेष मूल्यांकन योजना बनाई थी, लेकिन निजी उम्मीदवारों के मामले में स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। छात्र का दावा है कि रिजल्ट जारी नहीं होने से उसके उच्च शिक्षा और प्रवेश के अवसर प्रभावित हुए हैं।

