रांची पुलिस ने झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य शूटर और साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह हमला पारिवारिक रंजिश और पैतृक जमीन विवाद के कारण किया गया था।


यह घटना 1 अक्टूबर 2024 को रात के समय रातू थाना क्षेत्र में हुई थी। अधिवक्ता बब्बन प्रसाद बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर आए दो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। डीएसपी (मुख्यालय-2) अजय आर्यन की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर शूटर गुलशन कुमार विश्वकर्मा और साजिशकर्ता अनुज कुमार महतो को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि अनुज कुमार महतो ने जमीन विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी और शूटर को पैसे दिए थे। पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल पिस्टल और बाइक पहले ही बरामद की जा चुकी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

