रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) की अंडर-19 महिला क्रिकेटर कुमारी पलक का चयन भारतीय U-19 महिला क्रिकेट टीम में किया गया है। उन्हें श्रीलंका टीम के भारत दौरे के दौरान होने वाली वनडे और टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि के साथ पलक RDCA की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं जिन्हें भारतीय टीम में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।


पलक पिछले कई वर्षों से लगातार RDCA के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर रही थीं। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जगह मिली है। इस उपलब्धि पर RDCA और JSCA ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पलक ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत ओरमांझी क्रिकेट क्लब से की थी। उनके कोच पंकजित कुमार महतो हैं और वे आज भी उनके मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। कोचिंग और लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने जिला, राज्य और अब राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है।
पलक मूल रूप से देवघर की रहने वाली हैं और पिछले 14 वर्षों से अपने परिवार के साथ रांची में रह रही हैं। उनके पिता का निधन हो चुका है, जबकि उनकी मां संगीता भगत महिला थाने में कार्यरत हैं। अपनी मां की प्रेरणा और संघर्ष के बल पर पलक ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर राज्य और परिवार का नाम रोशन किया है।

