झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को तमाड़ स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां दिउड़ी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने मां दिउड़ी की विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा कर राज्य में सुख, शांति, समृद्धि और विकास की कामना की।


मंदिर में पुजारी मनोज पांडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। मुख्यमंत्री ने मां के चरणों में मत्था टेकते हुए राज्यवासियों के कल्याण और खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनसे मुलाकात कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं राज्य की पहचान हैं। मां दिउड़ी मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में पहुंचकर सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। मुख्यमंत्री ने राज्य की निरंतर प्रगति, जनकल्याण तथा सभी परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए मां से आशीर्वाद मांगा।

