सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान 1.054 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार

Spread the love

सरायकेला: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमदा ओपी क्षेत्र में देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 1.054 किलोग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र निवासी खगेश्वर प्रधान (34 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल-काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल (संख्या JH05U-2402) से बड़ाबांबो से अमदा की ओर गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में रेलवे पुल के समीप विशेष जांच अभियान चलाया गया। तड़के करीब 1:45 बजे संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक बैग से 1.054 किलोग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गांजा के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।