लातेहार: जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लातेहार-सरयू मुख्य मार्ग पर खुटगाड़ी गांव के समीप कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


मृतकों की पहचान चंदवा प्रखंड के मुतुत गांव निवासी वीरेंद्र उरांव और उनके भाई सुरेंद्र उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किसी जरूरी काम से सरयू क्षेत्र गए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर बेहद भीषण थी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों युवक कार के नीचे दब गए थे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। एक ही परिवार के दो भाइयों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और गति नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

