सासाराम : रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP-2) कैंप में महिला पुलिस बल की ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान 16 महिला प्रशिक्षुओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद प्रशिक्षण कैंप में अफरा-तफरी मच गई और सभी को तुरंत नजदीकी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।


चार प्रशिक्षुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल और नारायण मेडिकल कॉलेज, जमुहार रेफर किया गया है। बाकी प्रशिक्षुओं का इलाज डेहरी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार इस प्रशिक्षण में कुल 1358 महिला प्रशिक्षु शामिल थीं, जिन्हें निर्धारित 16 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी थी।
बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और लू की वजह से यह स्थिति बनी। इससे पहले भी इसी कैंप में ट्रेनिंग के दौरान ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें एक प्रशिक्षु की मौत तक हो चुकी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने ट्रेनिंग व्यवस्था और गर्मी में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

