कोलकाता : पार्क सर्कस में हुई पत्थरबाजी और हिंसा की घटना को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो सरकार बेहद सख्त कदम उठाएगी।


मुख्यमंत्री ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पार्क सर्कस और आसनसोल जैसी घटनाओं के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होगी और पुलिस पर हमले करने वालों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर कानूनी कदम उठाया जाएगा।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की गुंडागर्दी या अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और हिंसा या उपद्रव के लिए किसी को छूट नहीं दी जाएगी।

