अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के मेधा सम्मान समारोह 2026 में 100 मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

Spread the love

रांची: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (झारखंड प्रदेश) की ओर से रविवार, 14 जून 2026 को धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा परिसर में “मेधा सम्मान समारोह 2026” का आयोजन किया गया। इस समारोह में झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित 100 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उत्साह का संचार करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।

आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 400 से 500 आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 100 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

महासभा की महिला साक्षरता प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष स्मिता ने कहा कि मेधावी छात्रों को बड़े मंच पर सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई बच्चे तनाव और अवसाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में उनकी उपलब्धियों को पहचान देना और प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है।

संगठन से जुड़े मुकेश कुमार ने बताया कि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा पिछले चार-पांच वर्षों से लगातार मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में जहां 15 से 20 बच्चों को सम्मानित किया जाता था, वहीं अब इस कार्यक्रम का दायरा काफी बढ़ चुका है।

आयोजकों ने कहा कि मेधा सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों को प्रेरित करने का एक प्रयास है।