KMC पहुंचेंगे शुभेंदु अधिकारी, प्रशासन अलर्ट मोड में, सियासी हलचल तेज

Spread the love

कोलकाता :पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को कोलकाता नगर निगम (KMC) मुख्यालय का दौरा करेंगे। उनके आगमन को लेकर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं और अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। यह दौरा विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत से जुड़ा माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 15 जून से कोलकाता नगर निगम विशेष स्वच्छता अभियान शुरू करने जा रहा है। मुख्यमंत्री इसके औपचारिक शुभारंभ के लिए निगम मुख्यालय पहुंच सकते हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी पहले भी भवानीपुर स्थित नगर निगम के बोरो कार्यालय में बैठक कर चुके हैं, लेकिन KMC मुख्यालय का यह उनका पहला दौरा माना जा रहा है।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कोलकाता नगर निगम की राजनीतिक स्थिति भी बदली है। लंबे समय तक निगम पर प्रभाव रखने वाली तृणमूल कांग्रेस की स्थिति कमजोर हुई है। मेयर फिरहाद हकीम के इस्तीफे के बाद निगम बोर्ड की सक्रियता भी प्रभावित हुई है। ऐसे माहौल में मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।