पटना : बिहार में 17 जून को मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे ने अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से 16 और 17 जून को कुल 14 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों के रूट और समय की पूरी जानकारी भी जारी कर दी गई है.


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ये ट्रेनें पटना, पाटलिपुत्र, बक्सर, किऊल, गया और बख्तियारपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से अलग-अलग समय पर चलाई जाएंगी। 16 जून को पाटलिपुत्र से किशनगंज, अररिया, नवगछिया और भभुआ के लिए स्पेशल ट्रेनें रवाना होंगी, जबकि 17 जून को पटना, गया, राजगीर और अन्य रूटों पर अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इन स्पेशल ट्रेनों का अधिक से अधिक उपयोग करें ताकि परीक्षा के दौरान भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके। इससे पहले भी परीक्षा के पहले चरण में बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, हालांकि भीड़ के कारण कुछ स्टेशनों पर अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली थी।

