भाजपा झारखंड ने मीडिया और सोशल मीडिया टीम में किया बड़ा बदलाव, प्रतुल शाहदेव बने मुख्य प्रवक्ता

Spread the love

रांची: भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने प्रदेश प्रवक्ताओं, मीडिया और सोशल मीडिया टीम में बड़ा फेरबदल किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की सहमति के बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने नई नियुक्तियों की घोषणा की है।

नई सूची के अनुसार, पार्टी ने प्रतुल शाहदेव को प्रदेश का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। इसके अलावा कुल 19 नेताओं को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में प्रदीप सिन्हा, अजय साह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, रणधीर सिंह और दीनदयाल वर्णवाल समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है।

पार्टी की मीडिया टीम में योगेंद्र प्रताप सिंह को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अजय राय, सतीश सिन्हा, मो. तारिक इमरान, नीरज सिंह और सूरज नाथ शाहदेव को मीडिया टीम का सदस्य नियुक्त किया गया है।

सोशल मीडिया टीम में राहुल अवस्थी को संयोजक बनाया गया है, जबकि रजनीश कुमार पांडेय, राहुल शाहदेव और प्रिया करमाली को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा नेतृत्व का कहना है कि नई टीम संगठन की गतिविधियों, पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पार्टी को उम्मीद है कि नई टीम आधुनिक संचार माध्यमों का बेहतर उपयोग कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेगी।