रांची: झारखंड में गंभीर और संवेदनशील मामलों की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने पिछले छह महीनों में 15 से अधिक मामलों की जांच की है। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर इनमें से 10 मामलों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है, जबकि कई मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।


सूत्रों के अनुसार, CID को भेजे गए मामलों में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, आपराधिक घटनाएं, साइबर अपराध तथा अन्य गंभीर प्रकृति के मामले शामिल हैं। जांच के दौरान CID की विभिन्न टीमों ने संबंधित जिलों का दौरा कर दस्तावेजों की जांच की, पीड़ितों और गवाहों से पूछताछ की तथा तकनीकी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
हजारीबाग, चाईबासा और बोकारो समेत कई जिलों से जुड़े मामलों में जांच पूरी होने के बाद FIR दर्ज की गई है। कई मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
CID अधिकारियों का कहना है कि जिन मामलों में जांच के दौरान ठोस साक्ष्य मिल रहे हैं, उनमें कानून के तहत FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अन्य मामलों में जांच पूरी होने के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

