सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग और कांड्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित पदमपुर टोल प्लाजा पर औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रहे चार वाहनों को जब्त किया गया।


जांच के दौरान टीम ने कोयला लदे चार वाहनों संख्या JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 और JH05DE6826 को रोककर खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की। हालांकि, वाहन चालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। वैध दस्तावेजों के अभाव में सभी वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से कांड्रा थाना परिसर में रखा गया है।
जिला खनन विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही अवैध खनिज परिवहन में शामिल लोगों की पहचान कर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

