जामताड़ा समाहरणालय में फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचा युवक गिरफ्तार, बड़े फर्जीवाड़े की जांच शुरू

Spread the love

जामताड़ा: जामताड़ा समाहरणालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर लिपिक (क्लर्क) पद पर योगदान देने पहुंच गया। दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह होने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। उसके साथ मौजूद ससुर को भी पूछताछ के लिए थाना लाया गया है।

पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की पहचान गिरिडीह जिले के देवरी गांव निवासी रजाक अंसारी (पिता- नूर मोहम्मद) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ आए ससुर अख्तर अंसारी से भी जामताड़ा थाना में पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रजाक अंसारी अपने ससुर के साथ समाहरणालय पहुंचा और उपायुक्त कार्यालय की गोपनीय शाखा में नियुक्ति पत्र प्रस्तुत किया। दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को कई अनियमितताएं मिलीं। विस्तृत सत्यापन में नियुक्ति पत्र पर उपायुक्त जामताड़ा के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का इस्तेमाल किए जाने का खुलासा हुआ। इसके अलावा आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों में भी कई विसंगतियां पाई गईं।

जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह फर्जी प्रतीत हो रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पूरे नेटवर्क की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।