सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत द्वारा संचालित शेल्टर होम के औचक निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। सोमवार को किए गए निरीक्षण में शेल्टर होम में बिस्तर और अन्य सामग्री अस्त-व्यस्त पाई गई, जबकि साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।


निरीक्षण के दौरान रात्रि विश्राम करने वाले आश्रितों के पंजी (रजिस्टर) की जांच में कई प्रविष्टियां संदिग्ध पाई गईं। प्रारंभिक जांच में रिकॉर्ड में अनियमितता और फर्जी प्रविष्टियों की आशंका जताई गई, जिसके बाद मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए।
व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कम्युनिटी मोबिलाइजेशन मैनेजर (CMM) मणिमुकुट सोरेन को फटकार लगाई। उन्होंने सिटी मैनेजर सुमित सुमन और कार्यपालक पदाधिकारी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष ने कहा कि शेल्टर होम निराश्रित और जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है, इसलिए इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि कम लाभार्थियों के पीछे के कारणों की समीक्षा कर प्रचार-प्रसार, सुविधाओं के उन्नयन और नियमित निगरानी के माध्यम से शेल्टर होम को अधिक जनोपयोगी बनाया जाएगा।

