झारखंड ACB के निलंबित इंस्पेक्टर गणेश कुमार सिंह 10 माह से लापता, विभाग भी बेखबर

Spread the love

रांची: झारखंड पुलिस और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके इंस्पेक्टर गणेश कुमार सिंह पिछले 10 महीनों से लापता बताए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि विभाग के पास भी उनकी वर्तमान स्थिति और ठिकाने की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।

ACB अधिकारियों के अनुसार, इंस्पेक्टर गणेश कुमार सिंह का आधिकारिक मोबाइल नंबर लंबे समय से बंद है। विभाग की ओर से उनसे संपर्क स्थापित करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उन्होंने अब तक अपनी अनुपस्थिति या वर्तमान स्थिति की जानकारी विभाग को नहीं दी है।

सूत्रों के मुताबिक, निलंबन के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी। जांच प्रक्रिया के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें दो ब्लैक मार्क भी दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कोई संपर्क नहीं किया।

लगातार 10 महीनों से उनकी गैरमौजूदगी को लेकर पुलिस महकमे में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विभाग अब उनके संबंध में जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।