मनोहरपुर में जंगली हाथियों का उत्पात, कच्चा मकान तोड़ा और 50 किलो धान खा गए

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत पत्थरबासा गांव में रविवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव निवासी पुरंदर नायक के कच्चे मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखा करीब 50 किलो धान खा गए। घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल है तथा ग्रामीण पूरी रात सतर्क रहे।

ग्रामीणों के अनुसार, देर रात हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर गांव में पहुंचा और कई स्थानों पर नुकसान पहुंचाया। इसी दौरान हाथियों ने पुरंदर नायक के मिट्टी से बने कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी और घर में रखे धान तक पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सदस्य घबरा गए और सुरक्षित स्थान पर जाकर अपनी जान बचाई।

हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों ने मशाल जलाकर, शोर मचाकर और ढोल-नगाड़े बजाकर हाथियों को गांव से बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड वापस जंगल की ओर लौट गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची। वनरक्षी अभिषेक प्रधान ने क्षतिग्रस्त मकान और हुए नुकसान का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार को मुआवजा प्रक्रिया के लिए आवश्यक फॉर्म उपलब्ध कराए गए और मामले को विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और गांवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।