सीवान :सीवान जिले में धान की खेती से जुड़े किसान इन दिनों गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। खेतों में धान का बिचड़ा डालने का उपयुक्त समय बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक सरकारी बीज उपलब्ध नहीं हो सका है। ऐसे में किसान मजबूरी में बाजार से महंगे दाम पर बीज खरीदकर बुवाई करने को मजबूर हैं।


किसानों का कहना है कि धान की बुवाई का सबसे सही समय निकलता जा रहा है, लेकिन सरकारी स्तर पर बीज वितरण में देरी हो रही है। इससे उनकी खेती की लागत बढ़ रही है और उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है। कई किसान पहले ही निजी दुकानों से बीज लेकर बिचड़ा डाल चुके हैं, जबकि बाकी किसान अब भी इंतजार कर रहे हैं।
स्थिति यह है कि सरकारी सहायता समय पर नहीं मिलने से किसान पूरी तरह बाजार पर निर्भर हो गए हैं। इससे न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति पर बोझ बढ़ रहा है, बल्कि आने वाली धान की फसल की पैदावार को लेकर भी चिंता गहरा गई है।

