नोएडा :उत्तर प्रदेश सरकार ने जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसें चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में आसानी हो और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। यह बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में संचालित होंगी।


सीएम योगी ने स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र में कुल 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में यह भी कहा गया कि 15 जून से प्रस्तावित उड़ान संचालन से पहले सभी परिवहन व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। साथ ही राज्य में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के तेजी से विस्तार पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा बैठक में एक्सप्रेसवे परियोजनाओं, औद्योगिक विकास और लॉजिस्टिक हब से जुड़े कामों की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण कार्यों को तेज करने और निवेश से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी तरह की देरी न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को देश का बड़ा आर्थिक और लॉजिस्टिक केंद्र बनाने के लिए समय पर सभी सुविधाएं तैयार करने पर जोर दिया।

