IAS अफसर के खिलाफ GST अधिकारियों का मोर्चा, शिकायत पत्र से विभाग में बढ़ा तनाव

Spread the love

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के राज्य कर विभाग में तैनात आईएएस अधिकारी संदीप भागिया के खिलाफ जीएसटी अधिकारियों ने खुलकर विरोध दर्ज कराया है। तीनों अधिकारी संगठनों ने संयुक्त मोर्चा बनाते हुए शासन को पत्र भेजा है। वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर जोन में अपर आयुक्त के पद पर तैनात संदीप भागिया के खिलाफ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव और राज्य कर आयुक्त को शिकायत भेजकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अधिकारियों का आरोप है कि समीक्षा बैठकों में सार्वजनिक रूप से डांट-फटकार और व्यक्तिगत टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है। पत्र में कहा गया कि 12 जून की समीक्षा बैठक में डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को अन्य अधिकारियों के सामने अपमानित किया गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चिकित्सीय सहायता लेनी पड़ी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विभाग में भय और मानसिक तनाव का माहौल बन गया है तथा कई अधिकारी दबाव महसूस कर रहे हैं।अधिकारी संगठनों ने संयुक्त बैठक में संदीप भागिया की कार्यशैली की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी अधिकारी के साथ अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता और विभाग में स्वस्थ कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।