अयोध्या : राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही एसआईटी ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी माने जाने वाले रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव से लंबी पूछताछ की गई है। जांच टीम ने उनसे उनकी पुरानी और वर्तमान संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा मांगा है तथा आयकर रिटर्न समेत वित्तीय दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।


एसआईटी ने मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक टिन्नू यादव से विभिन्न बिंदुओं पर सवाल किए। अधिकारियों ने यह जानने का प्रयास किया कि राम मंदिर निर्माण से पहले उनके पास कितनी संपत्ति थी, वर्तमान में उनकी संपत्तियां कहां-कहां हैं और उन्हें किस तरह अर्जित किया गया। जांच एजेंसी ने उन्हें जरूरी दस्तावेजों के साथ दोबारा पेश होने के निर्देश दिए हैं।
मामले की जांच के दौरान विश्व हिंदू परिषद से जुड़े एक पदाधिकारी से भी लिखित जवाब मांगा गया है। वहीं, एसआईटी ने संदिग्ध गणना कर्मियों और बैंक से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार जांच केवल एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी व्यवस्था और संभावित अनियमितताओं की पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।

