10वीं के बाद रुक जाती थी पढ़ाई, अब बड़ा फैसला आते ही छात्रों में खुशी की लहर

Spread the love

फरीदाबाद : जिले के करनेरा गांव के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने गांव के राजकीय हाई स्कूल को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दर्जा दे दिया है। अब यहां छात्र-छात्राएं 12वीं तक पढ़ाई कर सकेंगे। साथ ही शिक्षा विभाग ने 11वीं कक्षा में प्रवेश शुरू करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

अब तक इस स्कूल के विद्यार्थियों को 10वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे गांवों या शहरों के सरकारी स्कूलों में जाना पड़ता था। लंबी दूरी और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कई परिवार बेटियों को बाहर पढ़ने भेजने से हिचकते थे, जिससे कुछ छात्राओं की पढ़ाई 10वीं के बाद ही छूट जाती थी। स्कूल के अपग्रेड होने से अब गांव में ही 12वीं तक शिक्षा उपलब्ध होगी।

स्कूल में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय की पढ़ाई कराई जाएगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 11वीं कक्षा शुरू होने की संभावना है। वर्तमान में यहां 700 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। गांव के सरपंच सुधीर त्यागी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि स्कूल को वरिष्ठ माध्यमिक स्तर तक अपग्रेड करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।