बिहार में औद्योगिक विस्तार को मंजूरी, सहरसा-पूर्णिया-कैमूर में नए औद्योगिक क्षेत्र से रोजगार की उम्मीदें तेज

Spread the love

पटना : बिहार सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट ने सहरसा, पूर्णिया और कैमूर सहित कई जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत जमीन का अधिग्रहण और बुनियादी ढांचे के विकास का काम किया जाएगा, जिससे राज्य में निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सरकारी फैसले के अनुसार कुल 2627 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर पांच नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। इनमें सहरसा में करीब 420 एकड़ और पूर्णिया सहित अन्य जिलों में अलग-अलग हिस्सों में जमीन शामिल है। इस परियोजना पर लगभग 812 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इन औद्योगिक क्षेत्रों के बनने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और छोटे-बड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का कहना है कि इस कदम से बिहार में निवेश का माहौल मजबूत होगा और युवाओं के लिए नौकरी के अवसर बढ़ेंगे।