धुर्वा में बुजुर्ग दंपती पर घर में घुसकर हमला, हत्या के प्रयास और चोरी की कोशिश का आरोप

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा सेक्टर-4 स्थित क्वार्टर संख्या ए-38 में रहने वाले 73 वर्षीय भुवनेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी पर घर में घुसकर हमला करने तथा चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, उसी इलाके के रहने वाले मोहम्मद शैफ उर्फ राजा पर घर में जबरन घुसकर भुवनेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी पर हमला करने का आरोप है। परिवार का कहना है कि घटना के दौरान चोरी का प्रयास भी किया गया। शोरगुल होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पीड़ित भुवनेश्वर प्रसाद ने पुलिस को दिए बयान में मोहम्मद शैफ पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है।

शिकायत के आधार पर धुर्वा थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।