राहुल सिंह गैंग से जुड़े कथित सदस्य कटप्पा पर एक और केस दर्ज, अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट पहुंचे

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच राहुल सिंह गैंग से कथित रूप से जुड़े अश्विनी पर्वता उर्फ कटप्पा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने उसे सदर थाना कांड संख्या 49/2026 में भी आरोपी बनाया है। नए मामले में नाम सामने आने के बाद कटप्पा ने राहत पाने के लिए रांची सिविल कोर्ट का रुख किया है और अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर सुनवाई चल रही है।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस ने इसी वर्ष अश्विनी पर्वता उर्फ कटप्पा को जगन्नाथपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उसका नाम राहुल सिंह गैंग से जुड़े कई मामलों में सामने आया था। पुलिस का आरोप है कि वह गिरोह की गतिविधियों में सहयोगी की भूमिका निभाता था और रंगदारी से जुड़े मामलों में भी उसकी संलिप्तता रही है।

तीन मामलों में सामने आ चुका है नाम

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अब तक राहुल सिंह गैंग से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में कटप्पा की संलिप्तता सामने आई है। इन मामलों में धमकी देकर रंगदारी वसूलने, आपराधिक साजिश रचने और गैंग नेटवर्क को सहयोग देने जैसे आरोप शामिल हैं।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। वहीं, कटप्पा की अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।